खेरागढ़ (आगरा)।
तहसील क्षेत्र के गांव गडरपुरा में रविवार को सिकरवार समाज की एक विशाल महापंचायत का आयोजन किया गया। इस महापंचायत में दोनों सिकरवारी (बड़ी और छोटी सिकरवारी) के साथ-साथ आसपास के विभिन्न गांवों से समाज के लोग बड़ी संख्या में जुटे। बैठक में मुख्य रूप से समाज की एकता, संगठन की मजबूती और पूर्वजों के इतिहास को संजोने पर गहन मंथन हुआ। महापंचायत में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि समाज के गौरव महाराजा राव पृथु सिंह सिकरवार (खलकू बाबा) की एक भव्य मूर्ति स्थापित की जाएगी।
मुरैना के ‘दलकू बाबा’ से भी भव्य बनेगी ‘खलकू बाबा’ की मूर्ति
महापंचायत को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि महाराजा राव पृथु सिंह सिकरवार (खलकू बाबा) समाज की आस्था, गौरव और संघर्ष के प्रतीक हैं। आने वाली पीढ़ियां अपने इतिहास और पूर्वजों के आदर्शों से प्रेरणा ले सकें, इसके लिए उनकी स्मृति को चिरस्थायी बनाना बेहद जरूरी है।
स्थानीय एडवोकेट हरिओम सिकरवार ने समाज में जोश भरते हुए कहा कि मुरैना में दलकू बाबा की मूर्ति पहले ही स्थापित हो चुकी है। अब पूरे सिकरवार समाज को एकजुट होकर गडरपुरा में खलकू बाबा की मूर्ति उससे भी अधिक भव्य और ऐतिहासिक स्वरूप में स्थापित करानी होगी। यह मूर्ति केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि समाज की अटूट एकता का प्रतीक बनेगी।
अगली बार होगी हजारों की संख्या में ‘विशाल महापंचायत’
बैठक में मौजूद प्रबुद्धजनों ने कहा कि वर्तमान महापंचायत अभी कुछ गांवों तक सीमित रही है, लेकिन जल्द ही क्षेत्र के सभी गांवों को जोड़ते हुए एक बहुत बड़ी महापंचायत आयोजित की जाएगी। इसमें हजारों की संख्या में समाज के लोग शामिल होंगे और समाजहित से जुड़े कई बड़े फैसले लिए जाएंगे। वक्ताओं ने युवाओं से शिक्षा, सामाजिक गतिविधियों और संगठनात्मक कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान समाज के वरिष्ठजनों का सम्मान भी किया गया।
बड़ी सिकरवारी (मुरैना) से लेकर स्थानीय दिग्गजों की रही मौजूदगी
महापंचायत में भाईचारे और सामाजिक समरसता का अद्भुत माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में बड़ी सिकरवारी मुरैना से स्वामी राघवेंद्र सरस्वती, रघुनाथ सिंह सिकरवार, दिनेश श्रीवास्तव, राकेश सिंह, जितेंद्र सिंह, शिवराज सिंह सिकरवार पहुंचे।
वहीं स्थानीय स्तर से एडवोकेट हरिओम सिकरवार, पत्रकार विष्णु सिकरवार, लालू सिकरवार, हेत सिंह सिकरवार, नारायण सिंह सिकरवार, दीवान सिंह, विजयपाल सिंह ठेकेदार, यतेंद्र प्रधान, सनी सिकरवार, रामनिवास, एडवोकेट जितेंद्र सिकरवार, लोकेश, विजय राज, अनिल कुमार, सतीश सिकरवार, यदुपति सिंह परमार, राकेश प्रधान, जनक सिंह बुधपुरा, कल्याण सिंह, श्यामवीर सिंह बरेठा, हरि सिंह तोमर, अजय सिकरवार और राहुल सिकरवार सहित भारी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।
