सैंपऊ (धौलपुर)। सैंपऊ क्षेत्र के गांव आरी में श्री राष्ट्रीय क्षत्रिय युवा एकता भारत के जिला कार्यालय का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बृज सिनेमा के डायरेक्टर एवं अभिनेता मुनेंद्र सिंह परमार तथा संगठन के कार्यकारिणी राष्ट्रीय अध्यक्ष हरवीर सिंह राजपूताना रहे।
उद्घाटन फीता काटकर किया गया तथा वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप के चित्र पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत हुई। मुख्य अतिथियों और गांव के बुजुर्गों का साफा बांधकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन के संस्थापक कृष्णा परमार (सैंपऊ) ने की।
मुख्य अतिथि मुनेंद्र सिंह परमार ने जिला अध्यक्ष धौलपुर सुखवेंद्र सिंह परमार का उत्साहवर्धन करते हुए संगठन के समाजहित कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज सेवा के साथ-साथ अपनी मिट्टी ब्रजभूमि के प्रचार-प्रसार के लिए भी कार्य करना चाहिए। उन्होंने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण की भूमि ब्रज की संस्कृति को आगे बढ़ाने के लिए ब्रजभाषा में फिल्में बनाई जा रही हैं। ब्रज की पहली फिल्म किरदार की सफलता के बाद आगामी महीनों में दूसरी फिल्म सनकी छोरा भी दर्शकों के बीच आएगी।
कार्यक्रम के दूसरे मुख्य अतिथि हरवीर सिंह राजपूताना ने जिला कार्यालय के उद्घाटन को संगठन के लिए गर्व का विषय बताते हुए जिला अध्यक्ष सुखवेंद्र सिंह परमार को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे संस्थापक कृष्णा परमार ने कहा कि यह उद्घाटन केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि संगठन के कार्यकर्ताओं के वर्षों के संघर्ष और मेहनत का परिणाम है। यह संगठन के पहले जिला कार्यालय की स्थापना है, जो आगे समाजहित में नई ऊर्जा के साथ कार्य करेगा।
कार्यक्रम में पूर्व जिला अध्यक्ष रामप्रवेश सिंह परमार, जिला महासचिव जयपाल सिंह परमार, जिला सलाहकार देवेंद्र सिंह सिसोदिया, जिला सूचना मंत्री नितिन परमार, ब्लॉक संयोजक सैंपऊ प्रदीप सिंह परमार, ब्लॉक महामंत्री बसेड़ी अंकित तोमर सहित बड़ी संख्या में संगठन पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामवासी उपस्थित रहे।
समारोह में उत्साह और गौरव का माहौल देखने को मिला।
